Skip to main content

धुरंधर 2: वॉर ऑफ़ नैरेटिव्स में भारतीय अस्मिता का उभार

भारतीय सिनेमा के बदलते विमर्श में धुरंधर 2 केवल एक फिल्म नहीं, अपितु एक वैचारिक हस्तक्षेप के रूप में सामने आती है। यह उस दौर की उपज है, जहाँ फिल्मों को अब केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सॉफ्ट पावर के रूप में देखा जा रहा है, ऐसा माध्यम जो बिना हथियार उठाए दुनिया के मानस को प्रभावित कर सकता है। “धुरंधर” और “धुरंधर 2” जैसी फिल्में इसी शक्ति से लैस होकर एक नए नैरेटिव की स्थापना कर रही हैं, जो भारत, उसकी सुरक्षा प्रणाली और उसके सांस्कृतिक आत्मबोध को नए सिरे से परिभाषित करता है।

फिल्म “धुरंधर 2” की कहानी जासूसी की उस गुप्त दुनिया को सामने लाती है, जिसे आमतौर पर पर्दे पर या तो अत्यधिक ग्लैमराइज किया जाता है या फिर पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया जाता है। यहाँ जासूस केवल एक रोमांचक पात्र नहीं, अपितु राष्ट्र के सुरक्षा चक्र का सबसे गुप्त और निर्णायक अस्त्र है। फिल्म का नायक किसी एक व्यक्ति का प्रतिनिधित्व नहीं करता, अपितु वह उन अनेक गुमनाम नायकों का समेकित रूप है,जिन्होंने अपने नाम, पहचान और अस्तित्व तक का बलिदान कर दिया। यही वह बिंदु है जहाँ फिल्म केवल कहानी नहीं रहती, बल्कि एक भावनात्मक और राष्ट्रीय अनुभव बन जाती है।

इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत उसका “नैरेटिव सेटिंग” है। लंबे समय तक भारतीय सिनेमा में एक विशेष प्रकार का नैरेटिव स्थापित किया गया, जिसमें आतंकवाद को “भावनात्मक संघर्ष” के रूप में दिखाया गया। चाहे फिल्म मिशन कश्मीर हो, फना हो, रोजा हो और चाहे फिल्म दिल से हो आदि, इन फिल्मों में आतंकी पात्रों को एक संवेदनशील, प्रेम करने वाले और परिस्थितियों के शिकार व्यक्ति के रूप में प्रस्तुत किया गया। यह दिखाया गया कि बम फेंकने वाले का दिल भी कोमल होता है और उसके भीतर भी एक प्रेम कथा छिपी होती है। इस प्रकार का चित्रण धीरे-धीरे दर्शकों के मन में आतंकवाद के प्रति एक रोमांटिक धुंध पैदा करता गया, जहाँ असली पीड़ित (आम नागरिक( कहीं पीछे छूट गया।

फिल्म “धुरंधर 2” इस दृष्टिकोण को पूरी तरह से चुनौती देती है। यह स्पष्ट करती है कि आतंकवाद कोई व्यक्तिगत त्रासदी का परिणाम नहीं, अपितु एक संगठित विचारधारा है, जिसका उद्देश्य केवल विनाश है। फिल्म इस बात को भी संतुलित रूप से प्रस्तुत करती है कि भारत की लड़ाई किसी देश की जनता से नहीं, अपितु उन आतंकी आकाओं से है, जो न केवल भारत बल्कि अपने ही देश को रहने लायक नहीं छोड़ते।इस संदर्भ में हाल के आँकड़ों का उल्लेख भी महत्वपूर्ण है, जो बताते हैं कि आतंकवाद का सबसे बड़ा शिकार स्वयं वे देश भी हैं, जहाँ से यह पनपता है।

फिल्म के माध्यम से एक और महत्वपूर्ण विमर्श सामने आता है-हिंदू चरित्रों का चित्रण। दशकों तक बॉलीवुड में एक ऐसा पैटर्न देखने को मिला, जिसमें हिंदू पात्रों को अक्सर अंधविश्वासी, ढोंगी, लालची, ठग, या कट्टर के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके विपरीत, अन्य समुदायों के पात्रों को उदार, संवेदनशील और नैतिक रूप से श्रेष्ठ दिखाया गया। यह असंतुलन केवल मनोरंजन का हिस्सा नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे यह एक सांस्कृतिक नैरेटिव बन गया, जिसने समाज के एक बड़े वर्ग को हीन भावना में धकेल दिया।

फिल्म “धुरंधर 2” इस स्थापित ढांचे को तोड़ती है। इसमें हिंदू चरित्रों को आत्मगौरव, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति के साथ प्रस्तुत किया गया है। वे अपनी पहचान से संकोच नहीं करते, अपितु उसे गर्व के साथ जीते हैं। यह परिवर्तन केवल सिनेमाई नहीं, अपितु सांस्कृतिक पुनर्जागरण का संकेत है। फिल्म यह स्थापित करती है कि भारतीय अध्यात्म और संस्कृति केवल कर्मकांड या अंधविश्वास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक गहरी और व्यापक जीवन दृष्टि है।

इस फिल्म की सफलता ने बॉलीवुड के उस वर्ग को भी असहज कर दिया है, जो वर्षों से एक निश्चित नैरेटिव के तहत फिल्में बनाता रहा है। जब “द कश्मीर फाइल्स” आई थी, तब भी इसी प्रकार की प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। उसके बाद “द केरला स्टोरी” और अब “धुरंधर 2” तक आते-आते यह स्पष्ट हो गया है कि दर्शक अब एकतरफा कहानियों को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। वे सत्य को देखना चाहते हैं, चाहे वह कितना भी असुविधाजनक क्यों न हो।

फिल्म पर “प्रोपेगेंडा” होने के आरोप भी इसी संदर्भ में समझे जाने चाहिए। जब भी कोई फिल्म स्थापित नैरेटिव को चुनौती देती है, तो उसे तुरंत एक विचारधारा से जोड़कर खारिज करने का प्रयास किया जाता है। लेकिन यह सवाल उठता है कि क्या पहले का सिनेमा पूरी तरह निष्पक्ष था? यदि दशकों तक एक ही प्रकार की कहानियाँ दिखाई जाती रहीं, तो क्या वह भी एक प्रकार का नैरेटिव निर्माण नहीं था? “धुरंधर 2” इस बहस को सामने लाती है और दर्शकों को सोचने के लिए मजबूर करती है।

फिल्म की संरचना में “डॉट्स को कनेक्ट” करने की तकनीक का प्रभावी उपयोग किया गया है। जासूसी की दुनिया स्वभाव से ही गुप्त होती है, जहाँ कई तथ्य सार्वजनिक नहीं हो पाते। ऐसे में पटकथा लेखक ने वास्तविक घटनाओं और कल्पना का संतुलित मिश्रण प्रस्तुत किया है। यह वही प्रक्रिया है, जो ऐतिहासिक बायोपिक्स में भी अपनाई जाती है, जहाँ यथार्थ और कल्पना मिलकर एक व्यापक सत्य का निर्माण करते हैं। इस दृष्टि से “धुरंधर 2” अपने कथानक में विश्वसनीयता बनाए रखने में सफल होती है।

तकनीकी दृष्टि से फिल्म सादगी और प्रभाव का संतुलन बनाए रखती है। संवाद सीधे और प्रभावशाली हैं, जो दर्शकों के मन पर गहरी छाप छोड़ते हैं। सिनेमैटोग्राफी यथार्थ के करीब है, जो कहानी को और अधिक विश्वसनीय बनाती है। बैकग्राउंड स्कोर भावनाओं को उभारता है,लेकिन कहीं भी अतिरेक नहीं करता। यह संयम ही फिल्म को एक गंभीर और परिपक्व अनुभव बनाता है।

अभिनय की बात करें तो फिल्म का नायक अपने किरदार को अत्यधिक नाटकीय बनाने से बचता है। वह एक ऐसा पात्र है, जो अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित है, लेकिन उसमें मानवीय संवेदनाएँ भी हैं। यह संतुलन ही उसके चरित्र को विश्वसनीय बनाता है। पहले भाग की तुलना में इस फिल्म में ओवर-ग्लैमराइजेशन की कमी है, जो इसे और अधिक यथार्थवादी बनाती है।

फिल्म का एक महत्वपूर्ण पक्ष यह भी है कि यह प्रेम और मानवीय संबंधों को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं करती। युद्ध और जासूसी की कठोर पृष्ठभूमि के बीच भी यह दिखाती है कि भावनाएँ और रिश्ते मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। लेकिन यह प्रेम कहानी भी राष्ट्रहित से ऊपर नहीं जाती, जो फिल्म के मूल संदेश को बनाए रखती है।

फिल्म “धुरंधर 2” भारतीय सिनेमा में एक बड़े परिवर्तन का संकेत देती है। यह उस यात्रा का हिस्सा है, जो “द कश्मीर फाइल्स” से शुरू हुई और अब एक व्यापक सांस्कृतिक आंदोलन का रूप लेती जा रही है। यह फिल्म दर्शकों को यह विश्वास दिलाती है कि अब समय आ गया है जब भारत अपनी कहानी खुद लिखेगा, अपने नायकों को खुद गढ़ेगा और अपने इतिहास को बिना किसी संकोच के प्रस्तुत करेगा।

फिल्म “धुरंधर 2” केवल एक फिल्म नहीं, अपितु एक विचार है। एक ऐसा विचार जो यह कहता है कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता और जब वह सामने आता है, तो वह केवल कहानी नहीं बदलता, अपितु पूरी पीढ़ी की सोच को प्रभावित करता है। यह फिल्म उस नए भारत की झलक है, जो अपनी पहचान पर गर्व करता है, अपने नायकों का सम्मान करता है और अपने नैरेटिव को खुद गढ़ने का साहस रखता है।

✍️...रघुनाथ सिंह

Comments

Popular posts from this blog

व्यंग्य: सैयारा फिल्म नहीं, निब्बा-निब्बियों की कांव-कांव सभा है!

इन दिनों अगर आप सोशल मीडिया पर ज़रा भी एक्टिव हैं, तो आपने ज़रूर देखा होगा कि "सैयारा" नामक कोई फिल्म ऐसी छाई है जैसे स्कूल की कैंटीन में समोसे मुफ्त में बंट रहे हों। इस फिल्म का इतना क्रेज है कि मानो ये देखी नहीं तो सीधे स्वर्ग का टिकट कैंसिल हो जाएगा और नरक में आपको खौलते हुए गर्म तेल में तला जायेगा, वो भी बिना ब्रेक के लगातार। सच बताऊं तो, मैंने अब तक इस फिल्म को नहीं देखा। वास्तव में थियेटर में जाकर इस फिल्म को देखने का कोई इरादा भी नहीं है। क्योंकि मेरा दिल अब भी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के उन पंखों में अटका है जो बिना हिले भी आवाज़ करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर पर जो तमाशा चल रहा है, वो देखकर लग रहा है कि या तो मैं बहुत ही बासी किस्म का मनुष्य हूं या फिर बाकी दुनिया ज़रा ज़्यादा ही Acting Class  से पास आउट है। एक साहब वीडियो में रोते-रोते इतने डूबे कि लगा अभी स्क्रीन से निकलकर ‘सैयारा’ के पायलट को गले लगा लेंगे।  दूसरी तरफ एक मैडम तो थिएटर की कुर्सी से चिपककर ऐसे चिल्ला रही थीं जैसे उनकी पुरानी गुम हुई टेडीबियर वापस मिल गई हो। कोई गला फाड़ रहा है, कोई आंखों से आंसुओं क...

जहाँ लौकी बोलती है, वहाँ कुकर फटता नहीं, पंचायत ने बता दिया, कहानी कहने के लिए कपड़े उतारने की ज़रूरत नहीं होती

आज के दौर में सिनेमाई कहानी कहने की दुनिया जिस मार्ग पर चल पड़ी है, वहाँ पटकथा से ज़्यादा त्वचा की परतों पर कैमरा टिकता है। नायक और नायिका के संवादों की जगह ‘सीन’ बोलते हैं और भावनाओं की जगह अंग प्रदर्शन ‘व्यू’ बटोरते हैं। इसे नाम दिया गया है ‘क्रिएटिव फ्रीडम’।  वेब सीरीजों के लिए बड़े बड़े बजट, चमकदार चेहरे और नग्न दृश्य अब ‘रियलिज़्म’ का नकली नकाब ओढ़ कर दर्शकों को भरमाते हैं। मगर इस सब के बीच अगर कोई सीरीज़ बिना चीखे, बिना झूठे नारे, और बिना कपड़े उतारे भी सीधे दिल में उतर जाए — तो वो "पंचायत" वेब सीरीज है। TVF की यह अनोखी पेशकश इस धारणा को चुनौती देती है कि दर्शकों को केवल ‘बोल्डनेस’ ही चाहिए। पंचायत ने बता दिया कि अगर आपकी कहानी सच्ची हो, तो सादगी ही सबसे बड़ी क्रांति बन जाती है। हालिया रिलीज "पंचायत" उन कहानियों के लिए एक तमाचा है जो यह मानकर चलती हैं कि जब तक किरदार बिस्तर पर नहीं दिखेंगे, तब तक दर्शक स्क्रीन पर नहीं टिकेगा। पंचायत दिखाती है कि गाँव की सबसे बड़ी लड़ाई किसी बिस्तर पर नहीं, बल्कि पंचायत भवन के फर्श पर लड़ी जाती है, कभी लौकी के नाम पर, तो कभी कु...

भक्ति में भावना, भावना में ध्यान, करवाचौथ बने जीवन का गान

Image Source: Google भारतीय सनातन संस्कृति में करवाचौथ का व्रत केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, अपितु प्रेम और चेतना का दिव्य उत्सव है। यह वह दिन है जब स्त्री अपने भीतर की ऊर्जा को श्रद्धा, संयम और सजगता के माध्यम से एक उच्च अवस्था में रूपांतरित करती है। उपवास का अर्थ केवल अन्न या जल का त्याग नहीं होता, अपितु अपनी इच्छाओं और इंद्रियों पर विजय पाने की साधना है। जब कोई भूख और प्यास को भी साक्षीभाव से देखता है, तो वह अपने भीतर यह अनुभव करता है कि वह शरीर नहीं है, अपितु उस शरीर को देखने वाली चेतना है। यह व्रत किसी बाहरी कर्मकांड की कठोरता नहीं, अपितु आंतरिक अनुशासन की कोमलता है। इसमें प्रेम का वह रूप प्रकट होता है, जो अधिकार से नहीं, समर्पण से उपजता है। सच्चे प्रेम में दासता नहीं होती, उसमें स्वतंत्रता की गंध होती है। जब कोई प्रेम में यह कहता है कि मैं तुम्हारे साथ जीवन के संगीत में एक सुर बनकर रहूँगा,  तब वह प्रेम किसी सीमित भावना से ऊपर उठकर ध्यान बन जाता है। यही इस व्रत का मर्म है, जहाँ प्रेम और ध्यान एक-दूसरे में विलीन हो जाते हैं। करवाचौथ की रात का सबसे सुंदर और आलोकित क्षण वह होता है ...