Skip to main content

बंगाल में बदली हवा: ‘अटूट किला’ भरभरा के गिरा

चार मई 2026 की सुबह पश्चिम बंगाल में कुछ ऐसा माहौल था, जैसे मौसम विभाग ने पहली बार राजनीतिक परिवर्तन की सटीक भविष्यवाणी कर दी हो। सूरज तो रोज़ की तरह ही उगा, लेकिन इस बार रोशनी का रंग कुछ ज़्यादा ही केसरिया महसूस हो रहा था। मतगणना शुरू होते ही टीवी स्टूडियो में उत्साह और कुछ दफ्तरों में सन्नाटा...दोनों साथ-साथ दिखने लगे, मानो लोकतंत्र ने एक ही दिन में कॉमेडी और थ्रिलर का संयुक्त प्रदर्शन तय कर लिया हो।

पिछले कई सालों से ममता बनर्जी का राजनीतिक किला इतना मजबूत बताया जाता था कि लोग उसे अटूट मान बैठे थे। मगर 2026 ने यह भ्रम भी बड़े सलीके से तोड़ दिया। किला अचानक ऐसा लगा जैसे बाहर से संगमरमर और अंदर से प्लास्टर...पहली तेज़ हवा में ही दरारें दिखने लगीं। जनता ने जैसे यह कह दिया कि भावनाओं की राजनीति अपनी जगह है, पर जब रोज़मर्रा की समस्याएँ बढ़ती हैं, तो नारों की उम्र छोटी पड़ जाती है।इधर PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी इस चुनाव में किसी चुनावी टीम से ज्यादा एक लंबे प्रोजेक्ट के मैनेजरों की तरह दिखी।एक तरफ बड़े विज़न की बातें, दूसरी तरफ ज़मीनी स्तर पर बारीक रणनीति जैसे किसी ने राजनीति को स्टार्टअपमॉडल में बदल दिया हो, जहाँ आइडिया से ज्यादा इम्प्लीमेंटेशन मायने रखता है।

लोग कहने लगे कि यहाँ भाषण कम और ActionPlan ज़्यादा नजर आया। इस पूरी कहानी में श्यामा प्रसाद मुखर्जी का नाम बार-बार ऐसे उभरा, जैसे इतिहास खुद वर्तमान को दिशा देने वापस आ गया हो। दशकों पुराना एक सपना चुनावी मंचों पर फिर से जीवंत हुआ और जनता ने उसे सिर्फ सुनने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उस पर प्रतिक्रिया भी दी। यह अलग बात है कि राजनीति में सपनों की व्याख्या हमेशा अपने-अपने हिसाब से की जाती है। चुनावी रणनीति भी इस बार थोड़ी आउट ऑफ सिलेबस थी। बाहरी बनाम भीतरी का मुद्दा, जो पहले काफी असरदार था, इस बार कुछ फीका पड़ता दिखा। जनता ने जैसे इस बहस को एक लाइन में खत्म कर दिया, काम अच्छा हो तो पहचान मायने नहीं रखती, और काम खराब हो तो पहचान भी काम नहीं आती।

यह बदलाव बताता है कि मतदाता अब नरेटिव से ज्यादा परिणाम पर ध्यान दे रहा है। महिलाओं और युवा मतदाताओं का रुख भी दिलचस्प रहा। बिना ज्यादा शोर किए, उन्होंने अपने वोट के जरिए ऐसा संदेश दिया जो चुनाव परिणामों में साफ झलक गया। योजनाएँ अपनी जगह थीं, लेकिन सुरक्षा, रोजगार और सम्मान जैसे मुद्दों ने इस बार ज्यादा वजन दिखाया। यह मौन वोटर शायद सबसे ज्यादा प्रभावी साबित हुआ। आखिरकार जो तस्वीर सामने आई, वह सिर्फ एक चुनावी जीत की नहीं थी, बल्कि एक राजनीतिक कहानी के नए अध्याय की शुरुआत जैसी लगी। जहाँ एक तरफ लंबे समय से चल रही व्यवस्था को चुनौती मिली, वहीं दूसरी तरफ एक नई उम्मीद को मौका भी मिला।

जनता ने इस बार रिमोट उठाकर चैनल बदल दिया और नई स्क्रीन पर कमल का लोगो उभर आया, जबकि पुराना कार्यक्रम अचानक म्यूट हो गया।

बस यूंही रघुनाथ



Comments

Popular posts from this blog

भक्ति में भावना, भावना में ध्यान, करवाचौथ बने जीवन का गान

Image Source: Google भारतीय सनातन संस्कृति में करवाचौथ का व्रत केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, अपितु प्रेम और चेतना का दिव्य उत्सव है। यह वह दिन है जब स्त्री अपने भीतर की ऊर्जा को श्रद्धा, संयम और सजगता के माध्यम से एक उच्च अवस्था में रूपांतरित करती है। उपवास का अर्थ केवल अन्न या जल का त्याग नहीं होता, अपितु अपनी इच्छाओं और इंद्रियों पर विजय पाने की साधना है। जब कोई भूख और प्यास को भी साक्षीभाव से देखता है, तो वह अपने भीतर यह अनुभव करता है कि वह शरीर नहीं है, अपितु उस शरीर को देखने वाली चेतना है। यह व्रत किसी बाहरी कर्मकांड की कठोरता नहीं, अपितु आंतरिक अनुशासन की कोमलता है। इसमें प्रेम का वह रूप प्रकट होता है, जो अधिकार से नहीं, समर्पण से उपजता है। सच्चे प्रेम में दासता नहीं होती, उसमें स्वतंत्रता की गंध होती है। जब कोई प्रेम में यह कहता है कि मैं तुम्हारे साथ जीवन के संगीत में एक सुर बनकर रहूँगा,  तब वह प्रेम किसी सीमित भावना से ऊपर उठकर ध्यान बन जाता है। यही इस व्रत का मर्म है, जहाँ प्रेम और ध्यान एक-दूसरे में विलीन हो जाते हैं। करवाचौथ की रात का सबसे सुंदर और आलोकित क्षण वह होता है ...

Bihar Election: राहुल गांधी गए विदेश, महागठबंधन में बढ़ा टेंशन और क्लेश

Image: Google बिहार की राजनीति इन दिनों किसी धीमी गति की फिल्म जैसी लग रही है, जहां सारे किरदार डायलॉग बोल चुके हैं, कैमरा चालू है, पर मुख्य अभिनेता अचानक सेट से गायब है। महागठबंधन की गाड़ी पूरी रफ्तार से चल रही थी, इंजन गर्म था, रोड क्लियर था, जनता भी ताली बजा रही थी, तभी राहुल गांधी ने अचानक "ब्रेक" लगा दिए। अब बाकी साथी हैरान हैं, ये हुआ क्या? राहुल गांधी ने चुनावी तैयारी तो मानो किसी ओलंपिक एथलीट की तरह शुरू की थी। बिहार की सड़कों पर रैली, भाषण, पोस्टर, सब तैयार। कांग्रेस के कार्यकर्ता खुश थे कि “इस बार साहब गंभीर हैं।” लेकिन जैसे ही चुनाव का असली वक्त आया, राहुल गांधी ने कहा, अब थोड़ा आराम कर लेते हैं और निकल पड़े विदेश यात्रा पर। शायद उन्होंने सोचा हो कि बिहार के मुद्दे अब Zoom कॉल पर ही निपटा लेंगे। अब स्थिति यह है कि पहले चरण के नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, यानी सिर्फ दो दिन बाकी हैं। लेकिन महागठबंधन, यानी आरजेडी, कांग्रेस, वामदल और बाकी सहयोगी, अब तक यह तय नहीं कर पाए कि कौन कितनी सीट पर लड़ेगा। उधर एनडीए 12 अक्टूबर को सीट बंटवारे का ऐलान कर चुका है, जेडीयू ...

व्यंग्य: सैयारा फिल्म नहीं, निब्बा-निब्बियों की कांव-कांव सभा है!

इन दिनों अगर आप सोशल मीडिया पर ज़रा भी एक्टिव हैं, तो आपने ज़रूर देखा होगा कि "सैयारा" नामक कोई फिल्म ऐसी छाई है जैसे स्कूल की कैंटीन में समोसे मुफ्त में बंट रहे हों। इस फिल्म का इतना क्रेज है कि मानो ये देखी नहीं तो सीधे स्वर्ग का टिकट कैंसिल हो जाएगा और नरक में आपको खौलते हुए गर्म तेल में तला जायेगा, वो भी बिना ब्रेक के लगातार। सच बताऊं तो, मैंने अब तक इस फिल्म को नहीं देखा। वास्तव में थियेटर में जाकर इस फिल्म को देखने का कोई इरादा भी नहीं है। क्योंकि मेरा दिल अब भी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के उन पंखों में अटका है जो बिना हिले भी आवाज़ करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर पर जो तमाशा चल रहा है, वो देखकर लग रहा है कि या तो मैं बहुत ही बासी किस्म का मनुष्य हूं या फिर बाकी दुनिया ज़रा ज़्यादा ही Acting Class  से पास आउट है। एक साहब वीडियो में रोते-रोते इतने डूबे कि लगा अभी स्क्रीन से निकलकर ‘सैयारा’ के पायलट को गले लगा लेंगे।  दूसरी तरफ एक मैडम तो थिएटर की कुर्सी से चिपककर ऐसे चिल्ला रही थीं जैसे उनकी पुरानी गुम हुई टेडीबियर वापस मिल गई हो। कोई गला फाड़ रहा है, कोई आंखों से आंसुओं क...