Skip to main content

मुलायम के प्रतीक की अधूरी यादव कहानी

कई लोग सत्ता के करीब जन्म लेते हैं,लेकिन पूरी जिंदगी अपनापन पाने के लिए भटकते रहते हैं। कुछ लोगों को विरासत मिलती है, कुछ लोगों को विरासत के साथ एक ऐसा मौन अकेलापन भी मिलता है, जिसे वे कभी शब्दों में नहीं कह पाते।प्रतीक यादव की कहानी भी शायद उसी अनकहे दर्द की कहानी है।

एक ऐसा व्यक्ति, जिसके पास नाम था, पहचान थी, संसाधन थे, लेकिन फिर भी कहीं भीतर वह हमेशा अपनी जगह तलाशता हुआ दिखाई दिया। यह कहानी केवल किसी राजनीतिक परिवार के सदस्य की निजी कहानी नहीं है। यह भारतीय समाज की उस गहरी संरचना को सामने लाती है जहाँ व्यक्ति की पहचान केवल उसके व्यक्तित्व से नहीं, अपितु उसके जन्म, वंश, जाति, सामाजिक स्वीकृति और पारिवारिक स्वीकार्यता से तय की जाती है। मानवशास्त्र में एक महत्वपूर्ण अवधारणा है, “Belonging vs Exclusion”

अर्थात व्यक्ति किसी परिवार, समुदाय या व्यवस्था का हिस्सा तो होता है, लेकिन भावनात्मक रूप से स्वयं को कभी पूर्णतः स्वीकार किया गया महसूस नहीं करता।

प्रतीक यादव का जीवन कई मायनों में इसी संघर्ष का प्रतीक प्रतीत होता है।वर्ष 1988 में जन्मे प्रतीक का शुरुआती जीवन सामान्य नहीं था। बचपन में ही पारिवारिक परिस्थितियों ने उन्हें उस अस्थिरता से परिचित करा दिया, जिससे अधिकांश बच्चे अनजान रहते हैं। माता-पिता के अलगाव के बाद उनका जीवन अनिश्चितताओं के बीच आगे बढ़ा। फिर समय बदला और वर्ष 2003 में जब मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से साधना गुप्ता के साथ अपने संबंधों को स्वीकार किया, तब पहली बार प्रतीक को “यादव” नाम के साथ एक बड़ी सामाजिक पहचान मिली।

लेकिन प्रश्न हमेशा यही रहा, क्या केवल नाम मिल जाने से व्यक्ति को अपनापन भी मिल जाता है? राजनीतिक गलियारों और सामाजिक चर्चाओं में अक्सर यह महसूस किया गया कि प्रतीक यादव को वह सहज स्वीकृति कभी नहीं मिली, जिसकी अपेक्षा एक बड़े राजनीतिक परिवार के सदस्य को होती है। उनकी पृष्ठभूमि, बिरादरी की राजनीति और परिवार के जटिल समीकरणों ने उन्हें कई बार एक “आउटसाइडर” की तरह प्रस्तुत किया।

भारतीय समाज में “खून का रिश्ता” महत्वपूर्ण जरूर माना जाता है, लेकिन कई बार “सामाजिक स्वीकार्यता” उससे भी अधिक प्रभावशाली हो जाती है। व्यक्ति परिवार का हिस्सा होकर भी भीतर से अकेला रह सकता है।

शायद यही कारण था कि प्रतीक यादव का व्यक्तित्व हमेशा थोड़ा शांत, थोड़ा सीमित और थोड़ा अलग दिखाई दिया।उन्होंने खुद को राजनीति के केंद्र में लाने की आक्रामक कोशिशें बहुत कम कीं।वे अक्सर एक संयमित और निजी जीवन जीते दिखाई दिए।लेकिन समाजशास्त्र कहता है कि कई बार व्यक्ति का मौन ही उसका सबसे बड़ा संघर्ष होता है।

उनकी फिटनेस, बॉडीबिल्डिंग, महंगी गाड़ियाँ और अलग जीवनशैली को केवल शौक मान लेना शायद अधूरा विश्लेषण होगा। मानवशास्त्र और मनोविज्ञान दोनों यह मानते हैं कि जब व्यक्ति को सामाजिक स्वीकृति अधूरी महसूस होती है, तो वह अपने शरीर, व्यक्तित्व, उपलब्धियों और जीवनशैली के माध्यम से अपनी अलग पहचान गढ़ने की कोशिश करता है। संभवतः प्रतीक यादव की सार्वजनिक छवि में भी यही प्रयास दिखाई देता है। एक ऐसी पहचान बनाने का प्रयास, जो केवल पारिवारिक राजनीति की छाया तक सीमित न रहे। उनका निजी जीवन भी कम जटिल नहीं रहा।

Aparna Bisht Yadav से विवाह के बाद उनका जीवन लगातार सार्वजनिक चर्चाओं और राजनीतिक समीकरणों के बीच रहा। राजनीतिक परिवारों में विवाह केवल दो व्यक्तियों का संबंध नहीं होता, बल्कि वह सामाजिक प्रतिष्ठा, महत्वाकांक्षाओं और शक्ति संतुलन का हिस्सा बन जाता है।ऐसे माहौल में कई बार सबसे शांत व्यक्ति सबसे अधिक भीतर से टूटता है।

कई लोगों का मानना रहा कि अपनी माँ की राजनीतिक आकांक्षाओं, पत्नी की सार्वजनिक सक्रियता और परिवार के भीतर के समीकरणों के बीच प्रतीक यादव धीरे-धीरे एक ऐसे व्यक्ति बन गए, जो सबके बीच मौजूद था, लेकिन केंद्र में कभी नहीं था।यह केवल एक व्यक्ति की कहानी नहीं है।

यह उस मनोवैज्ञानिक और सामाजिक पीड़ा की कहानी है, जिसे समाज अक्सर समझना ही नहीं चाहता।

हम बड़े परिवारों के लोगों को देखकर मान लेते हैं कि उनके पास सब कुछ है, लेकिन कई बार सबसे अधिक अकेलापन उन्हीं लोगों के हिस्से आता है।

महाभारत के कर्ण से लेकर आधुनिक समय तक इतिहास ऐसे अनेक उदाहरणों से भरा पड़ा है, जहाँ व्यक्ति ने अपने जन्म की परिस्थितियों का बोझ जीवन भर उठाया, जबकि उन परिस्थितियों को चुनने में उसकी कोई भूमिका ही नहीं थी।

कर्ण की तरह ही कई लोग जीवन भर यह साबित करने में लगे रहते हैं कि वे योग्य हैं, अपने हैं, स्वीकार किए जाने योग्य हैं।लेकिन समाज कई बार व्यक्ति को उसके कर्मों से नहीं, बल्कि उसकी उत्पत्ति और परिस्थितियों से आंकता है। प्रतीक यादव की कहानी भी कहीं न कहीं उसी मानवीय विडंबना की आधुनिक छाया बन जाती है।

एक ऐसा व्यक्ति, जिसके पास शक्ति के दरवाज़ों तक पहुँच थी, लेकिन शायद दिलों तक पहुँचने की यात्रा हमेशा अधूरी रह गई।

प्रतीक यादव की कहानी हमें एक गहरी मानवीय सच्चाई सिखाती है। मनुष्य केवल धन, सत्ता और प्रसिद्धि से नहीं जीता। उसकी सबसे बड़ी आवश्यकता होती है...अपनापन, सम्मान और भावनात्मक स्वीकृति।

और जब यह स्वीकृति अधूरी रह जाए, तो व्यक्ति जीवन भर भीड़ के बीच भी अकेला महसूस करता रहता है।

शायद प्रतीक यादव का जीवन भी इसी मौन तलाश की कहानी है...एक ऐसी तलाश, जहाँ इंसान दुनिया से नहीं, अपने ही लोगों के बीच अपनी जगह खोज रहा होता है।

विनम्र श्रद्धांजलि 

Comments

Popular posts from this blog

भक्ति में भावना, भावना में ध्यान, करवाचौथ बने जीवन का गान

Image Source: Google भारतीय सनातन संस्कृति में करवाचौथ का व्रत केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, अपितु प्रेम और चेतना का दिव्य उत्सव है। यह वह दिन है जब स्त्री अपने भीतर की ऊर्जा को श्रद्धा, संयम और सजगता के माध्यम से एक उच्च अवस्था में रूपांतरित करती है। उपवास का अर्थ केवल अन्न या जल का त्याग नहीं होता, अपितु अपनी इच्छाओं और इंद्रियों पर विजय पाने की साधना है। जब कोई भूख और प्यास को भी साक्षीभाव से देखता है, तो वह अपने भीतर यह अनुभव करता है कि वह शरीर नहीं है, अपितु उस शरीर को देखने वाली चेतना है। यह व्रत किसी बाहरी कर्मकांड की कठोरता नहीं, अपितु आंतरिक अनुशासन की कोमलता है। इसमें प्रेम का वह रूप प्रकट होता है, जो अधिकार से नहीं, समर्पण से उपजता है। सच्चे प्रेम में दासता नहीं होती, उसमें स्वतंत्रता की गंध होती है। जब कोई प्रेम में यह कहता है कि मैं तुम्हारे साथ जीवन के संगीत में एक सुर बनकर रहूँगा,  तब वह प्रेम किसी सीमित भावना से ऊपर उठकर ध्यान बन जाता है। यही इस व्रत का मर्म है, जहाँ प्रेम और ध्यान एक-दूसरे में विलीन हो जाते हैं। करवाचौथ की रात का सबसे सुंदर और आलोकित क्षण वह होता है ...

Bihar Election: राहुल गांधी गए विदेश, महागठबंधन में बढ़ा टेंशन और क्लेश

Image: Google बिहार की राजनीति इन दिनों किसी धीमी गति की फिल्म जैसी लग रही है, जहां सारे किरदार डायलॉग बोल चुके हैं, कैमरा चालू है, पर मुख्य अभिनेता अचानक सेट से गायब है। महागठबंधन की गाड़ी पूरी रफ्तार से चल रही थी, इंजन गर्म था, रोड क्लियर था, जनता भी ताली बजा रही थी, तभी राहुल गांधी ने अचानक "ब्रेक" लगा दिए। अब बाकी साथी हैरान हैं, ये हुआ क्या? राहुल गांधी ने चुनावी तैयारी तो मानो किसी ओलंपिक एथलीट की तरह शुरू की थी। बिहार की सड़कों पर रैली, भाषण, पोस्टर, सब तैयार। कांग्रेस के कार्यकर्ता खुश थे कि “इस बार साहब गंभीर हैं।” लेकिन जैसे ही चुनाव का असली वक्त आया, राहुल गांधी ने कहा, अब थोड़ा आराम कर लेते हैं और निकल पड़े विदेश यात्रा पर। शायद उन्होंने सोचा हो कि बिहार के मुद्दे अब Zoom कॉल पर ही निपटा लेंगे। अब स्थिति यह है कि पहले चरण के नामांकन की आखिरी तारीख 17 अक्टूबर है, यानी सिर्फ दो दिन बाकी हैं। लेकिन महागठबंधन, यानी आरजेडी, कांग्रेस, वामदल और बाकी सहयोगी, अब तक यह तय नहीं कर पाए कि कौन कितनी सीट पर लड़ेगा। उधर एनडीए 12 अक्टूबर को सीट बंटवारे का ऐलान कर चुका है, जेडीयू ...

व्यंग्य: सैयारा फिल्म नहीं, निब्बा-निब्बियों की कांव-कांव सभा है!

इन दिनों अगर आप सोशल मीडिया पर ज़रा भी एक्टिव हैं, तो आपने ज़रूर देखा होगा कि "सैयारा" नामक कोई फिल्म ऐसी छाई है जैसे स्कूल की कैंटीन में समोसे मुफ्त में बंट रहे हों। इस फिल्म का इतना क्रेज है कि मानो ये देखी नहीं तो सीधे स्वर्ग का टिकट कैंसिल हो जाएगा और नरक में आपको खौलते हुए गर्म तेल में तला जायेगा, वो भी बिना ब्रेक के लगातार। सच बताऊं तो, मैंने अब तक इस फिल्म को नहीं देखा। वास्तव में थियेटर में जाकर इस फिल्म को देखने का कोई इरादा भी नहीं है। क्योंकि मेरा दिल अब भी सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के उन पंखों में अटका है जो बिना हिले भी आवाज़ करते हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर पर जो तमाशा चल रहा है, वो देखकर लग रहा है कि या तो मैं बहुत ही बासी किस्म का मनुष्य हूं या फिर बाकी दुनिया ज़रा ज़्यादा ही Acting Class  से पास आउट है। एक साहब वीडियो में रोते-रोते इतने डूबे कि लगा अभी स्क्रीन से निकलकर ‘सैयारा’ के पायलट को गले लगा लेंगे।  दूसरी तरफ एक मैडम तो थिएटर की कुर्सी से चिपककर ऐसे चिल्ला रही थीं जैसे उनकी पुरानी गुम हुई टेडीबियर वापस मिल गई हो। कोई गला फाड़ रहा है, कोई आंखों से आंसुओं क...